रायगढ़ पहुंचे हाईकोर्ट जज….न्यायालयों और जिला जेल का किया वार्षिक निरीक्षण

(भूपेंद्र सिंह राठौर ) : छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के न्यायाधीश एवं रायगढ़ जिले के पोर्टफोलियो जज, जस्टिस सचिन सिंह राजपूत ने दो दिवसीय रायगढ़ प्रवास के दौरान जिला एवं सत्र न्यायालय, घरघोड़ा और खरसिया न्यायालयों के साथ जिला जेल का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न्यायिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की, अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जिला जेल में बंदियों से संवाद कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
वीओ: 25 और 26 जुलाई को हुए निरीक्षण के दौरान माननीय जस्टिस सचिन सिंह राजपूत ने जिला एवं सत्र न्यायालय रायगढ़, बाह्य न्यायालय घरघोड़ा और खरसिया का निरीक्षण किया। उन्होंने न्यायालयों की कार्यप्रणाली, आधारभूत संरचना, अभिलेखों के संधारण और न्यायिक प्रशासन का अवलोकन किया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और पक्षकारों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने न्यायिक कार्यों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन, प्रशासनिक दक्षता और न्यायिक सेवाओं को अधिक जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
दूसरे दिन माननीय न्यायाधीश ने जिला जेल रायगढ़ का निरीक्षण किया। उन्होंने बंदियों के स्वास्थ्य, भोजन, स्वच्छता, आवास और चिकित्सा सुविधाओं का जायजा लिया तथा बंदियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने जेल प्रशासन को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बंदियों के लिए तैयार भोजन स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता की भी जांच की। यह निरीक्षण न्यायिक प्रशासन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा बंदियों के संवैधानिक एवं विधिक अधिकारों के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।




