छत्तीसगढ़

अवैध संबंध के शक में ससुर-दामाद ने की युवक की हत्या

धमतरी जिले के माकरदोना गांव का मेला एक परिवार के लिए मातम में बदल गया। 24 वर्षीय युवक भानूप्रताप मंडावी का शव झाड़ियों में मिलने से पूरे गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर जांच की और शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हो गया कि युवक की हत्या की गई है। हत्या क्यों और किसने की, यह पुलिस के लिए एक बड़ी चुनौती थी, लेकिन 24 घंटे में पूरी गुत्थी सुलझा ली गई।

Advertisement

25 अक्टूबर की शाम माकरदोना में मड़ई मेला चल रहा था। लोग खुशी-खुशी झूले झूल रहे थे, दुकानों पर रौनक थी। इसी भीड़ में घूम रहा था भानूप्रताप मंडावी। लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव झाड़ियों में मिला।शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे।सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में साफ हो गया कि यह मामला हत्या का है।

Advertisement

पुलिस ने जांच शुरू की तो शक की सुई दो लोगों पर आकर रुकी — मुकेश विश्वकर्मा और उसका ससुर दुर्जन विश्वकर्मा। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, आखिरकार दोनों ने अपराध कबूल कर लिया।

दरअसल, मुकेश को अपनी पत्नी और मृतक भानूप्रताप के बीच अवैध संबंध का शक था। मेला घूमते दोनों को साथ देखकर उसका गुस्सा भड़क गया। ससुर-दामाद ने मिलकर हत्या की साजिश रची और मौके पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। भानूप्रताप की मौके पर ही मौत हो गई।आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू, कपड़े और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

एक शक, एक गलतफहमी और एक परिवार बर्बाद हो गया। भानूप्रताप मंडावी की हत्या सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि रिश्तों में भरोसे की कमी का खौफनाक नतीजा है। धमतरी पुलिस ने इस हत्याकांड से पर्दा तो उठा दिया, लेकिन गांव में अब भी यही सवाल गूंज रहा है —कब तक शक और जलन इंसानी रिश्तों को मौत की ओर धकेलते रहेंगे?

Related Articles

Back to top button