रिश्वत मांगने के आरोप पर प्रधान आरक्षक निलंबित, एसपी ने दिए जांच के आदेश

जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौकी पंतोरा में पदस्थ प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रधान आरक्षक पर एक आवेदक से विवादित भूमि पर कब्जा दिलाने के नाम पर पैसों की मांग करने का आरोप है।मामले की शिकायत और जानकारी पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की। आरोपों की प्राथमिक जानकारी के आधार पर प्रधान आरक्षक रमेश त्रिपाठी को निलंबित कर दिया गया है।
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस अधीक्षक ने एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी को जांच अधिकारी नियुक्त किया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस विभाग ने साफ किया है कि किसी भी कर्मचारी द्वारा अनुचित आचरण या भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।




