महर्षि विश्वविद्यालय में श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई गई गुरुपूर्णिमा, गुरु परंपरा को लेकर रखे गए प्रेरक विचार

बिलासपुर – महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में गुरुपूर्णिमा महोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ब्रह्मचारी गिरीश चन्द्र वर्मा के संरक्षण एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) प्रमोद कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में यह कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत गुरुपूजन परंपरा के साथ हुई। अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. वर्मा ने कहा, “आत्मज्ञान, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निर्भय कर्म—यही हैं गुरु कृपा को फलित करने की कुंजी।” उन्होंने गुरु के मार्गदर्शन को जीवन में अनिवार्य बताया।
कुलसचिव डॉ. विजय गारुडिक ने वार्षिक प्रतिवेदन ब्रह्मलीन महर्षि महेश योगी को समर्पित करते हुए कहा कि गुरुपूर्णिमा गुरु के सम्मान का दिन है और गुरुकुल परंपरा को फिर से जीवित करने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में अधिष्ठाता डॉ. किरण श्रीवास्तव, सह आचार्य डॉ. गरिमा, सहायक कुलसचिव (परीक्षा) डॉ. अंब्रीश त्रिपाठी, डॉ. शिल्पा सरकार, डॉ. बृजेश कुमार, डॉ. गोपेंद्र साहू सहित कई वक्ताओं ने गुरु परंपरा, भावातीत ध्यान, शिक्षा और वैदिक संस्कृति पर अपने विचार रखे।
छात्रा किरण यादव ने कृष्ण भक्ति पर भावमय नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम को आकर्षक रूप दिया। संचालन डॉ. योगेंद्र शर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन श्री जितेंद्र गौतम ने प्रस्तुत किया। इस पावन अवसर पर विश्वविद्यालय के सभी अधिकारी, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




