36 लाख रुपए का गांजा जब्त, दो अंतर्राज्यीय तस्कर गिरफ्तार….

महासमुंद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार आरोपी उड़ीसा के सोनपुर से भारी मात्रा में गांजा लेकर मध्य प्रदेश में सप्लाई करने जा रहे थे। इसी दौरान सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के रेहटीखोल इलाके में पुलिस ने घेराबंदी कर आईचर वाहन को रोका और तलाशी लेने पर उसमें से 2 क्विंटल 40 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही है।
गांजा तस्करी में उपयोग किया गया आईचर वाहन क्रमांक CG 04 PE 9434 और आरोपियों के पास मौजूद मोबाइल फोन को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और पूछताछ जारी है।
इस कार्रवाई को महासमुंद पुलिस की मादक पदार्थों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। एसपी महासमुंद के निर्देशन में चल रही इस मुहिम के तहत तस्करों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।



