रायगढ़
वाहन और जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, पुलिस ने मास्टरमाइंड को किया गिरफ्तार

रायगढ़ पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली की आड़ में करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक बड़े आरोपी का पर्दाफाश किया है। तमनार पुलिस ने मास्टरमाइंड कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी ने पहले वाहन खरीदने-बेचने और फिर जमीन बेचने का झांसा देकर कई लोगों से करोड़ों रुपये ऐंठे। शुरुआती जांच में 10 से 15 पीड़ितों से एक करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी का खुलासा हुआ है। आरोपी की निशानदेही पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो भी जब्त की गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा है कि आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों का भी पूरा हिसाब लिया जाएगा। मामले में अन्य पीड़ितों और आरोपी की संपत्तियों की जांच अभी जारी है।




