उड़ीसा से रायपुर तक नशे का नेटवर्क बेनकाब, बस चालक गिरफ्तार

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा से प्रतिबंधित नशीली दवाइयों की सप्लाई करने वाले बस चालक संजय नाग को गिरफ्तार किया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और खम्हारडीह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में बैकवर्ड लिंक की जांच के बाद इस नेटवर्क का खुलासा हुआ।
इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 459 नग नाइट्रोसन-10 टैबलेट और बिक्री की नगदी बरामद की गई थी। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि यह नशीली दवाएं संबलपुर, उड़ीसा निवासी बस चालक संजय नाग कमीशन लेकर रायपुर पहुंचाता था। पुलिस ने आरोपी को संबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
फिलहाल इस प्रकरण में तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और पुलिस पूरे सप्लाई नेटवर्क के अन्य सदस्यों, सप्लायर और रिसीवर की तलाश में जुटी है। रायपुर पुलिस ने बस संचालकों और ट्रांसपोर्टरों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील करते हुए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की चेतावनी भी दी है।




