ऑपरेशन प्रहार : अवैध कबाड़ से भरे ट्रक और माजदा जब्त

रायगढ़ में अवैध कबाड़ के कारोबार पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत खरसिया थाना क्षेत्र में अवैध कबाड़ से भरे ट्रक और माजदा वाहन पर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में अवैध कबाड़ के संग्रहण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में 21 फरवरी की शाम थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक राजेश जांगड़े को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम टेमटेमा स्थित स्काई पावर प्लांट के पास संदिग्ध हालत में तीन वाहन खड़े हैं, जिनमें कबाड़ लोड है।सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और वाहनों की जांच की। एक वाहन क्रमांक CG 13 N 7028 के चालक द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत किए गए, जो सही पाए गए, जिसके बाद उसे जाने दिया गया।
लेकिन मौके पर खड़े ट्रक क्रमांक OR 06 H 7626 और माजदा वाहन क्रमांक CG 13 AZ 0819 में भारी मात्रा में कबाड़ लोड मिला। मौके पर कोई चालक या संबंधित व्यक्ति मौजूद नहीं था और न ही कबाड़ के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत किया जा सका। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए खरसिया पुलिस ने दोनों वाहनों और कबाड़ के संबंध में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 106 के तहत वैधानिक कार्रवाई की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और चोरी से जुड़े अपराधों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




