रायपुर

दुकान से 27 लाख की चोरी करने वाला पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार….

रायपुर के माना थाना क्षेत्र में डुमरतराई स्थित औषधि वाटिका की एक दुकान से 27 लाख रुपये चोरी करने वाला आरोपी कुछ ही घंटों में पुलिस के हत्थे चढ़ गया। हैरानी की बात यह रही कि आरोपी कोई और नहीं, बल्कि दुकान का पूर्व कर्मचारी निकला। चोरी के बाद वह अपने गांव मलदा कला, जिला सक्ती फरार हो गया था।

Advertisement

प्रार्थी संजय आहूजा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मई की रात उनकी दुकान से अज्ञात चोर ने केबिन के दराज तोड़कर 27 लाख रुपये नगद चुरा लिए। शिकायत पर थाना माना में अपराध क्रमांक 157/25 के तहत धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

Advertisement

घटना की गंभीरता को देखते हुए आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने तत्काल आरोपी की पतासाजी के निर्देश दिए। एंटी क्राइम और साइबर यूनिट तथा थाना माना पुलिस की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान विजय कश्यप उर्फ गुड्डा के रूप में की, जो पहले उसी दुकान में चालक था और 5 महीने पहले काम छोड़ चुका था।

जानकारी के मुताबिक, विजय को पैसे की सख्त जरूरत थी और वह दुकान के पैसों की जगह से वाकिफ था। मौके का फायदा उठाकर उसने दुकान की चाबी से ताले खोलकर 27 लाख रुपये चोरी किए और दोपहिया वाहन से गांव भाग गया।

चूंकि आरोपी सरहदी गांव मलदा कला में छिपा था, इसलिए रायपुर पुलिस ने जांजगीर और सक्ती पुलिस से समन्वय किया। दोनों जिलों की पुलिस के सहयोग से रेड कर आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पूरी रकम 27 लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन जब्त किया है।

गिरफ्तार आरोपी:
विजय कश्यप उर्फ गुड्डा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम मलदा कला, थाना हसौद, जिला सक्ती।

इस कार्रवाई में थाना माना, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, थाना बिर्रा, और थाना हसौद की संयुक्त टीम की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button