रायपुर

राजधानी में सरेराह 10 लाख की लूट, CCTV में कैद हुई वारदात

राजधानी रायपुर में एक बार फिर बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र के डंगनिया बाजार के पीछे का है, जहां गैस एजेंसी के सुपरवाइजर श्रवण साहू से बाइक सवार तीन युवकों ने लूटपाट की। घटना शनिवार शाम करीब 7 बजे की बताई जा रही है, जब श्रवण साहू गैस एजेंसी के गोदाम से कलेक्शन की रकम लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और रकम से भरा बैग लेकर फरार हो गए।

Advertisement

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लूटी गई रकम करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर रकम की पुष्टि नहीं की है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश के लिए शहर के आउटर इलाकों में नाकेबंदी कर सघन जांच अभियान शुरू किया गया।

Advertisement

 

घटना शांति विहार कॉलोनी स्थित पांडेय हाउस के सामने की बताई जा रही है। टीआई और एसीपी स्वयं फील्ड में उतरकर जांच की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इस बीच पूरी वारदात का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बाइक सवार तीनों बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।

Related Articles

Back to top button