स्कूटी में सवार 5 नाबालिगों का कटा चालान, परिजनों को दी गयी सख्त चेतावनी….

बिलासपुर – शहर में लापरवाह वाहन चालकों पर यातायात पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। सोशल मीडिया पर स्कूटी क्रमांक CG10 BU 6717 में पांच नाबालिग बच्चों के एक साथ सवार होकर लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामगोपाल करियारे के निर्देशन में यातायात पुलिस ने वाहन और नाबालिग चालकों की पहचान कर थाना सिविल लाइन में बुलाया। परिजनों की मौजूदगी में बच्चों को सख्त समझाइश दी गई और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 4/181, 5/180, 128/177, 184 के तहत ₹4300 का चालान काटा गया।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि अब सड़क पर स्टंटिंग या खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों के खिलाफ केवल चालानी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि आपराधिक मामला दर्ज कर एफआईआर भी की जाएगी। यातायात विभाग के अनुसार, शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर आईटीएमएस कैमरे और पेट्रोलिंग टीम लगातार निगरानी रख रही है।
वरिष्ठ अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि – “अपने नाबालिग बच्चों को किसी भी स्थिति में बिना लाइसेंस वाहन न सौंपें। ऐसा करने पर वाहन मालिक और माता-पिता दोनों पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।”
बिलासपुर ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा है कि सड़क सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।




