सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में मित्तल फर्नीचर के फैक्ट्री में लगी भीषण आग

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर शहर के सिरगिट्टी औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मित्तल फर्नीचर फैक्ट्री में रखे तारपीन तेल के टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में फैक्ट्री परिसर धुएं और लपटों से घिर गया।
हादसे में फैक्ट्री में काम कर रहा एक श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, एक अन्य श्रमिक अभिजित सूर्यवंशी के फैक्ट्री के भीतर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर में अचानक टैंकर से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास की अन्य फैक्ट्रियों में भी दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही सिरगिट्टी थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों द्वारा कई दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। एहतियातन फैक्ट्री परिसर को खाली करा लिया गया है और आसपास के इलाके को भी सतर्क कर दिया गया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या ज्वलनशील पदार्थ के संपर्क में आने से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर राहत और बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।




