बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा के राजेश सूर्यवंशी की जीत

(भूपेंद्र सिंह राठौर) :बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने बाजी मार ली है। भाजपा प्रत्याशी राजेश सूर्यवंशी ने कांग्रेस के सतकली बावरे को 1 वोट से हराकर जीत दर्ज की, जबकि उपाध्यक्ष पद पर ललिता संतोष कश्यप ने भी जीत हासिल की। इस चुनावी प्रक्रिया में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
शनिवार को संपन्न हुए बिलासपुर जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने जीत का परचम लहराया। भाजपा प्रत्याशी राजेश सूर्यवंशी को 9 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी सतकली बावरे को 8 वोट हासिल हुए। इस करीबी मुकाबले में भाजपा ने कांग्रेस को 1 वोट से शिकस्त दी। चुनाव की प्रक्रिया सुबह 11 बजे नामांकन दाखिले से शुरू हुई, जिसके बाद 12:30 बजे नाम वापसी का समय समाप्त हुआ। इसके बाद 12:40 बजे मतदान शुरू हुआ और तय समय में मतगणना पूरी कर ली गई। उपाध्यक्ष पद के लिए भी कड़ा मुकाबला हुआ। भाजपा की ललिता संतोष कश्यप और कांग्रेस की स्मृति त्रिलोक श्रीवास के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिला, जिसमें भाजपा की प्रत्याशी ने 1 वोट से जीत दर्ज की। नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और उपाध्यक्ष ललिता संतोष कश्यप ने जनता और पार्टी का आभार व्यक्त किया । उन्होंने कहा कि यह जीत विकास की जीत है। अगले 5 साल सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे, ताकि हर व्यक्ति को शासन की योजना का लाभ मिल सके।मतगणना के बाद जैसे ही भाजपा प्रत्याशियों की जीत की घोषणा हुई, समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया और राजेश सूर्यवंशी को फूल-मालाओं से लाद दिया। बिलासपुर जिला पंचायत चुनाव में इस बार कांटे की टक्कर देखने को मिली, लेकिन अंततः भाजपा ने जीत दर्ज कर अपनी सत्ता को कायम रखा।




