देश

पांच मंजिला इमारत में लगी आग, एक ही परिवार के 5 सदस्‍यों की मौत

कानपुर के चमनगंज इलाके में रविवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे शहर को सदमे में डाल दिया. गांधी नगर स्थित एक पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं.

Advertisement

यह हादसा उस समय हुआ जब परिवार अपने घर में सो रहा था और इमारत की निचली मंजिल पर स्थित जूते के कारखाने में शॉर्ट सर्किट से आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही पलों में पूरी इमारत उसकी चपेट में आ गई.

Advertisement

घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और लगभग 8 घंटे तक चले राहत और बचाव कार्य के बाद आग पर काबू पाया जा सका. आग बुझाने में एसडीआरएफ (SDRF) की मदद भी ली गई, जिन्हें लखनऊ से तुरंत रवाना किया गया था.

एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव ने जानकारी दी कि आग बुझने के बाद सुबह 5:30 बजे के करीब तलाशी अभियान शुरू किया गया. मलबे से निकाले गए पांचों लोगों को जब अस्पताल ले जाया गया, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस के अनुसार, इमारत की नीचली मंजिल पर जूते का कारखाना था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर वही परिवार रहता था जिसकी जान गई. हादसे के वक्त परिवार सो रहा था, जिससे उन्हें समय पर बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका. डीसीपी दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि पहले यह माना जा रहा था कि तीन लोग फंसे हैं, लेकिन बाद में तलाशी अभियान में पांच लोगों के शव बरामद हुए. दो अन्य घायलों को पहले अस्पताल भेजा गया था.

Related Articles

Back to top button