बिलासपुर

बेटे की हत्या कर आत्महत्या दिखाने की कोशिश, पिता समेत 3 गिरफ्तार

बिलासपुर जिले के बेलगहना चौकी क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए मृतक के पिता, भाई और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है।

Advertisement

जानकारी के मुताबिक ग्राम रतखंडी निवासी उमेन्द सिंह पटेल ने बेलगहना चौकी पहुंचकर अपने बेटे गौरीशंकर पटेल की जहर सेवन से मौत होने की सूचना दी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, लेकिन घटनास्थल और शव की परिस्थितियों को देखकर पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर बारीकी से जांच की गई, जिसमें मृतक के शरीर पर चोट के निशान और अन्य अहम साक्ष्य मिले।

Advertisement

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक गौरीशंकर शराब के नशे में अक्सर घर में विवाद और मारपीट करता था। घटना की रात भी वह नशे में परिजनों से झगड़ा कर रहा था। पूछताछ में पिता उमेन्द सिंह पटेल, भाई शिवशंकर पटेल और एक अपचारी बालक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने बताया कि विवाद के दौरान उन्होंने गौरीशंकर के साथ मारपीट की, उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी।

 

हत्या के बाद घटना को आत्महत्या साबित करने के लिए आरोपियों ने मृतक के मुंह में कीटनाशक डाल दिया और आसपास भी जहर फैला दिया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा लगे। पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छुपाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। इस पूरी कार्रवाई में बेलगहना पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button