धान खरीदी केंद्र में 28 लाख की हेराफेरी, कंप्यूटर ऑपरेटर गिरफ्तार

(आशीष मौर्य) : बिलासपुर जिले के मस्तुरी थाना क्षेत्र से धान खरीदी में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सेवा सहकारी समिति मर्यादित एरमसाही के धान खरीदी केंद्र में हेराफेरी कर शासन को लाखों का नुकसान पहुंचाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला खरीफ विपणन वर्ष 2025 का है, जहां धान खरीदी केंद्र एरमसाही में पदस्थ कंप्यूटर ऑपरेटर कांशी राम खुटे ने धान खरीदी में अनियमितता की। संयुक्त जांच दल द्वारा भौतिक सत्यापन के दौरान केंद्र में 920 क्विंटल धान कम पाया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने जानबूझकर फर्जी धान खरीदी दर्शाकर करीब 28 लाख 52 हजार रुपये का गबन किया।
जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित मस्तुरी की शिकायत पर थाना मस्तुरी में अपराध क्रमांक 821/2025 धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी कांशी राम खुटे को उसके निवास स्थान एरमसाही से हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और धान खरीदी में हुई अनियमितताओं को लेकर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।




