एयरलाइंस ने बढ़ाया किराया, बिलासपुर से सफर करना हुआ महंगा

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : वैश्विक परिस्थितियों और एविएशन सेक्टर पर बढ़ते दबाव का असर अब बिलासपुर की हवाई सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। एविएशन टर्बाइन फ्यूल यानी एटीएफ की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद बिलासपुर से संचालित होने वाली सभी प्रमुख फ्लाइट्स के किराए में इजाफा हुआ है। इससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है।
बिलासपुर से दिल्ली, कोलकाता, प्रयागराज और अंबिकापुर के लिए संचालित होने वाली उड़ानों के किराए में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एयरलाइंस कंपनियों ने बढ़ती परिचालन लागत और ईंधन कीमतों का हवाला देते हुए नए किराए लागू किए हैं।नए किराए के अनुसार बिलासपुर से दिल्ली की हवाई यात्रा अब करीब 900 रुपये महंगी हो गई है। वहीं कोलकाता जाने वाले यात्रियों को लगभग 700 रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। प्रयागराज रूट पर किराया 600 रुपये और अंबिकापुर रूट पर करीब 500 रुपये तक बढ़ा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का सीधा असर एयरलाइंस की लागत पर पड़ रहा है। यही वजह है कि कंपनियां किराए में संशोधन कर रही हैं। आने वाले दिनों में यदि ईंधन की कीमतों में राहत नहीं मिली तो किराए में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।गर्मी की छुट्टियों और यात्रा सीजन के बीच किराए में हुई इस बढ़ोतरी से यात्रियों की चिंता बढ़ गई है। फिलहाल हवाई सफर करने वालों को पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ रहा है।




