राज्योत्सव पर ‘सूर्यकिरण’ की गूंज : आसमान में गूंजा ‘जय जोहार’ और ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ के 25वें राज्योत्सव पर नवा रायपुर का आसमान आज देशभक्ति और रोमांच से भर उठा।
सेंध जलाशय के ऊपर भारतीय वायु सेना की “सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम” ने ऐसा एयर शो दिखाया, जिसे देखकर हजारों लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।
देश के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी इस ऐतिहासिक पल का आनंद लिया।
नौ हॉक एमके-132 फाइटर विमानों की टीम ने हार्ट, डायमंड और कॉम्बैट तेजस जैसे शानदार फॉर्मेशन बनाकर पूरा आसमान तिरंगे की रंगीन ट्रेल से सजा दिया। दर्शक तालियों से गूंज उठे, जब छत्तीसगढ़ के स्क्वाड्रन लीडर गौरव पटेल ने अपने कॉकपिट से ‘जय जोहार’ और ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ कहकर अभिवादन किया।
विंग कमांडर ए.व्ही. सिंह की अगुवाई में हेलीकॉप्टर यूनिट ने स्लीपरी और स्काई ऑपरेशन जैसे करतब दिखाए, जब ‘आदिदेव’ हेलीकॉप्टर से 14 गरुड़ कमांडोज़ ने सिर्फ 15 मीटर की ऊंचाई से रस्सी के सहारे उतरकर सबका दिल जीत लिया।
‘सूर्यकिरण’ टीम के विमानों ने आसमान में दिल की आकृति बनाकर राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं,
और तिरंगे के तीन रंगों से ‘डीएनए’ फॉर्मेशन बनाकर देशप्रेम का शानदार संदेश दिया। सटीकता, अनुशासन और जज़्बे की मिसाल बनी यह टीम, युवाओं को प्रेरित कर गई, कि देशभक्ति केवल भावना नहीं, बल्कि आसमान छूने का हौसला है।




