डबल मर्डर का खुलासा: चोरी के इरादे से घुसे आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति की ली जान, 48 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

जांजगीर-चांपा जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम खपरी में हुए डबल मर्डर केस का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। चोरी की नीयत से घर में घुसे आरोपियों ने बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
1 अप्रैल की सुबह ग्राम खपरी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब 70 वर्षीय संतराम साहू और उनकी पत्नी 65 वर्षीय श्यामबाई साहू का शव घर में खून से लथपथ मिला।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर साइबर टीम, फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया और जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की योजना बनाकर घर में प्रवेश किया था। रात के वक्त जब बुजुर्ग दंपति जाग गए, तो आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से उन पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।आरोपियों ने अपनी पहचान छुपाने के लिए नकली बाल और मास्क का इस्तेमाल किया था। हत्या के बाद वे सोने-चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी गजेन्द्र पाल दिनकर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।इसके बाद पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू, सोने का हार, चांदी की पायल और मोटरसाइकिल जब्त की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने पहले घर की रेकी की थी और यह जानकारी थी कि दंपति घर में अकेले रहते हैं, जिसका फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया, फिलहाल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। जांजगीर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है।




