छत्तीसगढ़
बीजापुर के जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़, 3 नक्सली ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद

बीजापुर जिले के इन्द्रावती क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच शनिवार को भीषण मुठभेड़ हुई। माओवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना पर डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, एसटीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम माओवादी विरोधी अभियान पर निकली थी।
इस मुठभेड़ में अब तक 3 वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं। मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री भी जब्त की गई है।मृत माओवादियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। वहीं, पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन अब भी लगातार जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ खत्म होने के बाद विस्तृत जानकारी पृथक से साझा की जाएगी। यह मुठभेड़ सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी मानी जा रही है, जिससे क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों को करारा जवाब मिला है।




