बिलासपुर

बिलासपुर रेल हादसा : मेमू ट्रेन मालगाड़ी से टकराई, 11 की मौत, 20 घायल, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर में मंगलवार शाम एक बड़ा रेल हादसा हो गया। लालखदान के पास गेवरारोड से आ रही मेमू लोकल ट्रेन उसी ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मेमू ट्रेन का मोटर कोच पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे में 11 की मौत और 20 से अधिक यात्री घायल हुए हैं।

Advertisement

मंगलवार शाम ठीक 4 बजकर 10 मिनट पर गेवरारोड से बिलासपुर आ रही मेमू लोकल ट्रेन जैसे ही लालखदान सबवे और ओवरब्रिज के बीच पहुंची, सामने उसी अप लाइन पर खड़ी मालगाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि मेमू ट्रेन का सामने का हिस्सा मालगाड़ी के वैगन पर चढ़ गया, और मालगाड़ी का गार्ड केबिन मोटर कोच के अंदर घुस गया। देखते ही देखते मेमू ट्रेन के मोटर कोच के परखच्चे उड़ गए।

Advertisement

इस भीषण दुर्घटना में मेमू ट्रेन के चालक विद्यासागर, जो बनारस के रहने वाले थे, सहित कई यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार 10 यात्रियों की मौत और 25 से अधिक यात्री घायल हुए थे, जबकि बाद में रेलवे की आधिकारिक रिपोर्ट में 11 मृतकों और 20 घायलों की पुष्टि की गई।

हादसे से पहले मेमू ट्रेन की सहायक चालक रश्मि राज और मालगाड़ी के गार्ड शैलेश चंद्र ने खतरे का अंदेशा होते ही ट्रेन से कूदकर अपनी जान बचाई। हालांकि छलांग लगाते समय दोनों को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तत्काल अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। फिलहाल दोनों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

 

टक्कर के बाद इंजन का अगला हिस्सा पूरी तरह मुड़कर चिपक गया, जिससे चालक और यात्रियों के शव अंदर ही फंस गए। राहत दल ने पहले शीशे तोड़कर शव निकालने की कोशिश की, लेकिन हालात भयावह थे। आखिरकार कोच को काटना ही एकमात्र विकल्प बचा। रेलवे और आपदा राहत दल ने कटर मशीन और भारी उपकरणों की मदद से पूरी रात कोच काटकर फंसे शवों को निकालने का कठिन अभियान चलाया।

 

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे जीएम, डीआरएम, कमिश्नर, कलेक्टर,एसपी और जिला प्रशासन का अमला मौके पर पहुंचा। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी रहा। घायलों को रेलवे अस्पताल, सिम्स और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

रेलवे की ओर से जारी सूची में कुल 20 घायल यात्रियों के नाम शामिल हैं, जिनमें प्रमुख हैं मथुरा भास्कर, चौरा भास्कर, शत्रुघ्न, गीता देबनाथ, मेहनिश खान, संजू विश्वकर्मा, सोनी यादव, संतोष हंसराज, रश्मि राज, ऋषि यादव (2 वर्ष), तुलाराम अग्रवाल, अराधना निषाद, मोहन शर्मा, अंजूला सिंह, शांता देवी गौतम, प्रीतम कुमार, शैलेश चंद्र, अशोक कुमार दीक्षित, नीरज देवांगन और राजेंद्र मारुति बिसारे। रेलवे प्रशासन ने सभी घायलों को तत्काल राहत स्वरूप ₹50,000 की अग्रिम अनुग्रह सहायता राशि प्रदान की है।

 

रेलवे की रिपोर्ट के अनुसार डाउन मेन लाइन का परिचालन शाम 6:16 बजे शुरू हुआ। मिड लाइन रात 9:35 बजे तक दुरुस्त कर ली गई। अप मेन लाइन 3:52 बजे और अप आउटर लाइन सुबह 5:30 बजे पूरी तरह चालू हो गई। राहत और पुनःस्थापन कार्य सुबह 5:30 बजे पूर्ण किया गया।

 

प्रभावित घायल यात्रियों का विवरण इस प्रकार है :-

1. मथुरा भास्कर, स्त्री, आयु 55 वर्ष

2. चौरा भास्कर, पुरुष, आयु 50 वर्ष

3. शत्रुघ्न, पुरुष, आयु 50 वर्ष

4. गीता देबनाथ, स्त्री, आयु 30 वर्ष

5. मेहनिश खान, स्त्री, आयु 19 वर्ष

6. संजू विश्वकर्मा, पुरुष, आयु 35 वर्ष

7. सोनी यादव, स्त्री, आयु 25 वर्ष

8. संतोष हंसराज, पुरुष, आयु 60 वर्ष

9. रश्मि राज, स्त्री, आयु 34

10. ऋषि यादव, आयु 2 वर्ष

11. तुलाराम अग्रवाल, पुरुष, आयु 60 वर्ष

12. अराधना निषाद, स्त्री, आयु 16 वर्ष

13. मोहन शर्मा, पुरुष, आयु 29 वर्ष

14. अंजूला सिंह, स्त्री, आयु 49 वर्ष

15. शांता देवी गौतम, स्त्री, आयु 64 वर्ष

16. प्रीतम कुमार, पुरुष, आयु 18 वर्ष

17. शैलेश चंद्र, पुरुष, आयु 49 वर्ष

18. अशोक कुमार दीक्षित, पुरुष, आयु 54 वर्ष

19. नीरज देवांगन, पुरुष, आयु 53 वर्ष

20. राजेंद्र मारुति बिसारे, पुरुष, आयु 60 वर्ष

रेल हादसे की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि किसी तकनीकी या सिग्नलिंग त्रुटि के कारण यह हादसा हुआ। फिलहाल रेलवे प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा और घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की है।

Related Articles

Back to top button