नशे की हालत में अश्लील हरकत करने पर दंपति ने की हत्या, पुलिस ने कुछ ही घंटों में सुलझाया मामला

रायगढ़। लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बनेकेला में हुई युवक की बेरहमी से हत्या का पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। 40 वर्षीय फागुलाल राठिया की हत्या करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
रविवार सुबह गांव में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान फागुलाल राठिया के रूप में हुई। सूचना मिलते ही एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन में एडिशनल एसपी आकाश मरकाम और एसडीओपी सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश जांगड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
घटनास्थल पर मृतक की साइकिल और कुछ दूरी पर टूटी हुई कांच की चूड़ियां बरामद हुईं, जिससे जांच की दिशा तय हुई।
गांव के कार्तिक राम राठिया ने पुलिस को बताया कि बीती रात सार्वजनिक दुर्गा मंदिर में चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर बैठक हुई थी, जिसमें फागुलाल भी शामिल था। बैठक के बाद वह गांव के रोहित कोरवा के साथ देखा गया था।
जांच में पता चला कि फागुलाल नशे की हालत में था और उसने रोहित कोरवा की पत्नी के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। इस पर रोहित और उसकी पत्नी ने मिलकर उसकी लाठी और धारदार हथियार से हत्या कर दी।
पुलिस ने वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर रोहित कोरवा और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।




