अरपा किनारे स्मार्ट सड़क का निर्माण शुरू: ट्रैफिक दबाव होगा कम, शहर को मिलेगा वैकल्पिक मार्ग

(भूपेंद्र सिंह राठौर/जय साहू) : बिलासपुर – शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुगम और स्मार्ट बनाने की दिशा में एक बार फिर अहम पहल की गई है। नगर निगम और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत अब अरपा नदी के किनारे नई सड़क बनाई जा रही है, जिससे शहर के मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सके।
ट्रैफिक डायवर्ट कर बेहतर विकल्प देने की योजना के तहत नदी किनारे सड़क निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। इससे पहले इंदिरा सेतु से लेकर राम सेतु तक स्मार्ट सड़क बनाई जा चुकी है, अब इस कड़ी को आगे बढ़ाते हुए सिम्स चौक से गोड़पारा होते हुए शनिचरी रपटा तक सड़क निर्माण का काम शुरू कर दिया गया है। इससे पहले नदी में जमा सिल्ट मशीनों की मदद से हटाया जा रहा। पटाई के बाद सड़क को समतल किया जाएगा ताकि वह वाहनों के आवागमन के लायक बन सके।
इसके बाद नदी किनारे बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी, जिससे सड़क का कटाव रोकने मदद मिलेगी और लोगो की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। गौरतलब है कि यह सड़क कई महीनों से अधर में लटकी थी। तकनीकी और बजट से जुड़ी वजहों से काम रुका था, अब फिर से निर्माण शुरू किया गया है। स्मार्ट सड़क बनने से न सिर्फ शहर को एक वैकल्पिक रूट मिलेगा, बल्कि अरपा नदी के किनारे का सौंदर्यीकरण भी होगा।



