रेलवे का मेगा ब्लॉक….बिलासपुर से चलने वाली कई ट्रेनें प्रभावित, 6 ट्रेनें रद्द, 2 शॉर्ट टर्मिनेट, 2 डायवर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। चक्रधरपुर मंडल के कंसबहाल और धारुआडीही सेक्शन में इंफ्रास्ट्रक्चर कार्य के लिए रेलवे ने मेगा ब्लॉक की घोषणा की है। यह ब्लॉक आज से 17 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को लिया जाएगा। इसके चलते बिलासपुर रेल मंडल से गुजरने और चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। 6 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि 2 ट्रेनों को बीच रास्ते में समाप्त और प्रारंभ किया जाएगा तथा 2 ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।
मेगा ब्लॉक के कारण 17005/17006 हैदराबाद–रक्सौल एक्सप्रेस, 18109/18110 टाटानगर–इतवारी एक्सप्रेस, तथा 18113/18114 टाटानगर–बिलासपुर एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेंगी। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है।
वहीं 13288 आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस राउरकेला स्टेशन पर ही समाप्त होगी और राउरकेला से दुर्ग के बीच नहीं चलेगी। जबकि 13287 दुर्ग–आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस राउरकेला से प्रारंभ होगी और दुर्ग से राउरकेला के बीच रद्द रहेगी।
इसके अलावा 18478 योगनगरी ऋषिकेश–पुरी उत्कल एक्सप्रेस और कुछ दिनों में 13288 आरा–दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा से पहले रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि किसी भी तरह की असुविधा से बचा जा सके।



