सीएम विष्णुदेव साय ने की मृतकों के परिजनों को ₹5 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता की घोषणा

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर के समीप हुई ट्रेन दुर्घटना पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इस दर्दनाक हादसे को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस त्रासदी में जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति वे गहरी संवेदना प्रकट करते हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और शोकाकुल परिजनों को यह असहनीय दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
मुख्यमंत्री श्री साय ने घोषणा की है कि दिवंगतों के परिजनों को पाँच लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों को पचास हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि घायलों के समुचित और निःशुल्क इलाज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। जिला प्रशासन और रेलवे की टीमें राहत और बचाव कार्यों में पूरी तत्परता से जुटी हुई हैं। घायलों के उपचार के लिए सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ और संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ है। सरकार पूरी संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है और हर आवश्यक कदम उठा रही है।




