बिलासपुर

गिरफ्तारी के विरोध में लिपिक संघ का अल्टीमेटम, मांगें नहीं मानीं तो उग्र आंदोलन

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – छग प्रदेश राजस्व लिपिक संघ ने सरकंडा थाना पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है। इसे एकतरफा कार्रवाई बताते हुए संभागायुक्त, आईजी और कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही कहा है मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाया जायेगा।

Advertisement

राजस्व लिपिक संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक सरकंडा थाना में दर्ज धोखाधड़ी और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं वाले प्रकरण में तीन लिपिकों को बिना किसी पूर्व नोटिस के गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। संघ का कहना है कि इसके बाद इसी मामले में आठ अन्य राजस्व कर्मचारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया गया, जहां सभी कर्मचारी समय पर उपस्थित हुए और पुलिस जांच में पूरा सहयोग किया। संघ का आरोप है कि जब कर्मचारी सभी स्तर पर जांच मे सहयोग कर रहे हैं, तब गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई न्यायसंगत नहीं कही जा सकती। उनका कहना है कि सीधे गिरफ्तारी से पूरे राजस्व अमले में भय और असंतोष का माहौल है।

Advertisement

राजस्व लिपिक संघ ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, एकतरफा कार्रवाई वापस नहीं ली गई तो प्रदेशभर के राजस्व लिपिक चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। संघ ने चेतावनी दी है कि पहले जिला स्तर पर विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा, इसके बाद सामूहिक अवकाश, कार्य बहिष्कार और आवश्यकता पड़ने पर प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन भी किया जाएगा।

 

फिलहाल इस पूरे मामले में जिला प्रशासन और सरकंडा पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि राजस्व लिपिक संघ की मांगों पर कथित विवाद बातचीत से सुलझता है या फिर आंदोलन का रूप लेता है।

Related Articles

Back to top button