मच्छरों के डंक से शहरवासी पस्त,सफाया करने निगम का मिशन फॉगिंग तेज

(जयेन्द्र गोले) : बिलासपुर – शहर में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप चिंता का विषय बन गया है, इस खतरे को देखते हुए नगर निगम पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। लोगों को डेंगू, मलेरिया और अन्य बीमारियों से बचाने के लिए हर वार्ड में लगातार फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। दावा है कि इस बार पहले के मुकाबले ज्यादा व्यवस्थित और तेज तरीके से काम किया जा रहा है।
निगम की टीम शहर के अलग-अलग इलाकों में मशीनों के जरिए एंटी-लार्वा फॉगिंग कर रही है। नालियों, गंदे पानी के जमाव वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष फोकस किया जा रहा है, ताकि मच्छरों के लार्वा को पनपने से पहले ही खत्म किया जा सके। इसके चलते कई वार्डों में मच्छरों की संख्या में कमी आने की बात भी सामने आ रही है।
इस अभियान की खास बात यह है कि अब निगम अपने संसाधनों का बेहतर उपयोग कर रहा है। पहले जहां खराब मशीनों को बाहर से ठीक करवाने में समय और पैसा दोनों ज्यादा लगता था, वहीं अब निगम के वेल्डर प्रदीप विश्वकर्मा ही मशीनों की मरम्मत कर रहे हैं। इससे न केवल समय की बचत हो रही है बल्कि खर्च भी काफी कम हो गया है।इसके अलावा फॉगिंग में इस्तेमाल होने वाले डीजल और पेट्रोल की खपत पहले के मुकाबले कम हो गई है। बेहतर प्लानिंग और मशीनों का समय पर मेंटेनेंस करने से निगम को आर्थिक रूप से भी फायदा मिल रहा है। निगम का कहना है कि इस अभियान को लगातार जारी रखा जाएगा ताकि पूरे शहर को मच्छर मुक्त बनाया जा सके।
फिलहाल निगम का यह अभियान लगातार जारी है और दावा किया जा रहा है कि आने वाले दिनों में मच्छरों पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया जाएगा। हालांकि विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ फॉगिंग ही नहीं, बल्कि लोगों को भी अपने घरों और आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना होगा, तभी इस समस्या से स्थायी रूप से छुटकारा पाया जा सकेगा।




