रायपुर

रामकृष्ण हॉस्पिटल का सीवर टैंक बना मौत का चेम्बर, 3 सफाई कर्मियों का जहरीली गैस से दम घुटा.

राजधानी में एक दर्दनाक हादसे ने सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पचपेड़ी नाका स्थित रामकृष्ण अस्पताल के पीछे सीवर टैंक की सफाई के दौरान तीन सफाईकर्मियों की जहरीली गैस से मौत हो गई, जबकि एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया और लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं।

Advertisement

घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र की है, जहां सीवर टैंक में उतरे सफाईकर्मी जहरीली गैस की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि टैंक के अंदर मौजूद जहरीली गैस के कारण सभी बेहोश हो गए और मौके पर ही तीन लोगों की जान चली गई। मृतकों में अनमोल मांझी, गोविंद सेंद्रे और सत्यम कुमार शामिल हैं, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है।

Advertisement

घटना के बाद अस्पताल के बाहर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण के मजदूरों को टैंक में उतारा गया। परिजनों का कहना है कि गैस रिसाव की आशंका के बावजूद कोई सावधानी नहीं बरती गई।

 

हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन ने अंदर किसी को प्रवेश नहीं करने दिया, जिससे आक्रोश और बढ़ गया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच झूमाझटकी भी हुई और पथराव की घटना भी सामने आई। मौके पर खड़ी एम्बुलेंस को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर इतनी बड़ी लापरवाही कैसे हुई। साथ ही जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की बात भी कही जा रही है।

Related Articles

Back to top button