बिलासपुर

बिलासपुर में जनगणना कार्य शुरू, कलेक्टर ने हिर्री पहुंचकर किया निरीक्षण

बिलासपुर – राष्ट्रीय जनगणना कार्य का शुभारंभ आज से बिलासपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में हो गया। जनगणना के प्रथम चरण में हाउस लिस्टिंग का कार्य प्रारंभ किया गया है, जिसके अंतर्गत प्रगणक घर-घर पहुंचकर परिवारों से निर्धारित जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। यह कार्य पूरे मई माह तक संचालित किया जाएगा।

Advertisement

कलेक्टर एवं जिले के प्रमुख जनगणना अधिकारी संजय अग्रवाल ने आज बिल्हा तहसील के ग्राम हिर्री पहुंचकर जनगणना कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर प्रगणक श्रीमती अंजुबाला जायसवाल से घर के मुखिया की जानकारी डिजिटल माध्यम से दर्ज कराई। लगभग 5 मिनट में 33 बिंदुओं पर आधारित जानकारी ऑनलाइन पोर्टल में सफलतापूर्वक दर्ज की गई। जनगणना प्रक्रिया पूर्ण होने पर कलेक्टर ने घर के मुखिया श्री रामकृष्णा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि जनगणना देश के विकास और नीति निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग करें।

Advertisement

कलेक्टर श्री अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जनगणना में दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं। व्यक्तिगत आंकड़ों को किसी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जा सकता तथा यह सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत भी उपलब्ध नहीं कराई जाती। इन आंकड़ों का उपयोग केवल शासन की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में किया जाता है। उल्लेखनीय है कि बिलासपुर जिले में जनगणना कार्य के लिए 4 हजार से अधिक अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जिनमें लगभग 3500 प्रगणक एवं 500 सुपरवाइजर शामिल हैं। इसके पहले पिछले 15 दिन तक लोगों ने स्वगणना कर जानकारी पोर्टल में दर्ज की। जिले में 6 हजार 677 लोगों ने स्व गणना का लाभ उठाया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री संदीप अग्रवाल, अपर कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी श्री शिवकुमार बनर्जी, तहसीलदार एवं चार्ज अधिकारी श्री राजेंद्र भारत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button