शांतिनगर उपकेन्द्र की क्षमता बढ़ी, नेहरूनगर-मंगला के लिए फ्यूज कॉल सेंटर नंबर जारी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर शहर के हजारों विद्युत उपभोक्ताओं को अब और बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने शांतिनगर उपकेन्द्र की क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि की है। साथ ही, नेहरूनगर और मंगला क्षेत्र के लिए नया फ्यूज कॉल सेंटर नंबर भी जारी किया गया है। शहर के शांतिनगर स्थित 33/11 केवी उपकेन्द्र में 3.15 एमवीए क्षमता का नया पॉवर ट्रांसफार्मर लगाया गया है। लगभग 19 लाख रुपये की लागत से यह कार्य पूर्ण किया गया। अब इस उपकेन्द्र की कुल क्षमता बढ़कर 8.15 एमवीए हो गई है। इस ट्रांसफार्मर की स्थापना से शांतिनगर, ठेठडबरी, महावीर नगर, मिनोचा कॉलोनी, शुभम विहार और शिक्षक कालोनी के करीब 10 हजार उपभोक्ताओं को अधिक भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति मिलेगी। इस कार्य को लेकर पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अधिकारियों और इंजीनियरों ने विशेष प्रयास किए हैं।
बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक श्री ए.के. अंबस्ट ने नये ट्रांसफार्मर के साथ बिजली आपूर्ति प्रारंभ की। इस मौके पर उन्होंने अधीक्षण अभियंता पी.आर. साहू, कार्यपालन अभियंता अनुपम सरकार सहित इंजीनियरिंग टीम की सराहना की। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए नेहरूनगर और मंगला क्षेत्र के लिए नवीन फ्यूज कॉल सेंटर नंबर जारी किए गए हैं।
नेहरूनगर फ्यूज कॉल सेंटर: 📞 70899-05378
मंगला फ्यूज कॉल सेंटर: 📞 91718-87093
विद्युत वितरण कंपनी द्वारा की जा रही इन पहलों से बिलासपुर के उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी और सेवा की गुणवत्ता में और भी सुधार देखने को मिलेगा।




