छत्तीसगढ़ में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, अगले 5 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – राज्य में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। झारखंड से सक्रिय हुए सिस्टम का असर अब छत्तीसगढ़ में भी दिखाई देने लगा है। अगले 5 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश की संभावना जताई गई है।
झारखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे संबंधित चक्रीय चक्रवात 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है, जो धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है।
साथ ही, मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर से लेकर रोहतक, कानपुर, वाराणसी, झारखंड, दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है।एक और द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर झारखंड तक 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक बनी है, जिससे वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने की संभावना है।
कल 2 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। विशेषकर उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों में सरगुजा, दुर्ग और बिलासपुर संभागों में एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा दर्ज की गई।सबसे अधिक वर्षा शंकरगढ़ में 16 सेमी, औंधी में 12 सेमी और अंतागढ़ में 9 सेमी दर्ज की गई।
अन्य जिलों में भी औसतन 4 से 8 सेमी तक बारिश हुई खड़गांव, दुर्गकोंदल, नारायणपुर, दरभा, चांपा, रामानुजगंज और माकड़ी प्रमुख हैं।
बारिश के इस दौर में मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।खासतौर पर ग्रामीण और पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोग वज्रपात से बचने के लिए सावधानी रखें।



