अवैध प्लाटिंग पर चला बुलडोजर, 2 एकड़ खेती भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी ध्वस्त

राजधानी रायपुर में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम जोन-06 के वार्ड क्रमांक 61 स्थित हनुमान वाटिका क्षेत्र की पहलवान वाटिका में करीब 2 एकड़ कृषि भूमि पर बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाए गए रास्तों, प्लॉटों के सीमांकन और अन्य निर्माण कार्यों को हटाया गया।
स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद नगर निगम और संबंधित विभागों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि जमीन पर नियमों के विपरीत प्लाटिंग का कार्य किया जा रहा था। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध विकास कार्यों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
वार्ड पार्षद रवि सोनकर ने कहा कि क्षेत्र में अवैध प्लाटिंग और अतिक्रमण की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि नागरिकों के हित और शहर के सुव्यवस्थित विकास को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने लोगों से जमीन या प्लॉट खरीदने से पहले सभी वैधानिक दस्तावेजों और अनुमतियों की जांच करने की अपील की है।




