यश शर्मा अपहरण और हत्या मामले में फरार तीन आरोपी गिरफ्तार…..

रायपुर – तेलीबांधा निवासी यश शर्मा के अपहरण और हत्या के मामले में रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस सनसनीखेज वारदात में फरार चल रहे तीन आरोपियों—चिराग पंजवानी, तुषार पंजवानी और सुशील खेमानी उर्फ यश खेमानी—को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनकी गिरफ्तारी के साथ ही घटना में प्रयुक्त कार को भी जब्त किया गया है।

13 अक्टूबर 2024 को यश खेमानी ने यश शर्मा को पार्टी के बहाने बुलाया और चिराग पंजवानी, तुषार पंजवानी, और तुषार पाहुजा के साथ मिलकर उसे रिंग रोड ले जाया गया। वहां इन सभी ने यश शर्मा के साथ मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। आरोपियों ने यश को दो दिन तक बंधक बनाकर रखा और जबरन नशा कराया। 15 अक्टूबर की रात उसे घर छोड़ा गया।
यश की तबीयत बिगड़ने पर उसे रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पेट और अंदरूनी अंगों में गंभीर चोटें पाई गईं।
मामले में पहले ही एक आरोपी तुषार पाहुजा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया गया था। चिराग पंजवानी, तुषार पंजवानी और सुशील खेमानी उर्फ यश खेमानी घटना के बाद से फरार थे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन और डीएसपी संजय सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता कबूल की है।
गिरफ्तार आरोपी:
- चिराग पंजवानी (20 वर्ष)
- तुषार पंजवानी (21 वर्ष)
- सुशील खेमानी उर्फ यश खेमानी (19 वर्ष)
पुलिस की टीम:
इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेंद्र ताम्रकार, निरीक्षक योगेश कश्यप, एंटी क्राइम यूनिट के प्रभारी परेश कुमार पांडेय और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




