रायगढ़

72 घंटे में ब्लाइंड डबल मर्डर का खुलासा, जमीन विवाद में दंपति की हत्या कर शव जलाने वाले दो सगे भाई गिरफ्तार

रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में हुए सनसनीखेज डबल मर्डर केस का पुलिस ने महज 72 घंटे में खुलासा कर दिया है। जमीन विवाद में दो सगे भाइयों ने एक दंपति की टांगी से हत्या कर शवों और घर में आग लगाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की थी। वैज्ञानिक जांच, एफएसएल टीम और पुलिस डॉग रूबी की मदद से पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Advertisement

पुलिस के अनुसार 15 जुलाई को ग्राम क्रोंधा देवमारीडांड में मंगल राठिया और उनकी पत्नी पुनाई बाई के जले हुए शव घर के अंदर मिले थे। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध होने पर एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस डॉग रूबी ने हत्या में प्रयुक्त टांगी की गंध के आधार पर श्यामलाल राठिया तक पहुंचने का संकेत दिया। इसके बाद ह्यूमन इंटेलिजेंस और वैज्ञानिक पूछताछ के आधार पर श्यामलाल राठिया और उसके भाई जीवनलाल राठिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां दोनों ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

Advertisement

पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2013 से चले आ रहे भूमि विवाद की रंजिश में दोनों भाइयों ने 14 जुलाई की रात दंपति पर टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद हत्या को दुर्घटना का रूप देने और साक्ष्य मिटाने के लिए शवों तथा घर में आग लगा दी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी और घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर लिए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि वैज्ञानिक विवेचना और सशक्त पुलिसिंग के सामने अपराधी अधिक समय तक नहीं बच सकते।

Related Articles

Back to top button