बिलासपुर पुलिस का ‘नशा मुक्ति’ अभियान: 3 दिन में 7 केस,भारी मात्रा में नशीली दवाएं और हेरोइन बरामद

(आशीष मौर्य संपादक) : बिलासपुर:- न्यायधानी बिलासपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाई की है। चकरभाठा पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने मिलकर एक अंतर्राज्यीय हेरोइन रैकेट को ध्वस्त किया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने पंजाब के एक बड़े तस्कर सहित तीन आरोपियों को दबोचने में सफलता प्राप्त की है।
घेराबंदी और रंगे हाथों गिरफ्तारी : पुलिस को मुखबिर के जरिए पुख्ता जानकारी मिली थी कि चकरभाठा थाना क्षेत्र के तिलक नगर (हिंर्री माइंस) इलाके में हेरोइन की एक बड़ी खेप पहुंचने वाली है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में सादे लिबास में घेराबंदी की। जैसे ही तस्कर नशीले पदार्थ की सप्लाई देने पहुंचे, पुलिस ने उन्हें चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया।
आरोपियों का विवरण और तस्करी का ‘नेटवर्क’ : पकड़े गए आरोपियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
(1)आर. रजिंदर कुमार: निवासी तरनतारन, पंजाब (मुख्य सप्लायर)
(2)करन दीप सिंह: निवासी बिलासपुर (नेटवर्क का मास्टरमाइंड)(3)मोहित हिंदूजा: निवासी बिलासपुर (लोकल सप्लायर)
पूछताछ में बड़ा खुलासा:पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी करन दीप सिंह सीधे पंजाब के तस्कर रजिंदर कुमार के संपर्क में था। रजिंदर पंजाब से हेरोइन की खेप लेकर बिलासपुर आता था, जिसे करन दीप सिंह प्राप्त करता और फिर मोहित हिंदूजा के माध्यम से शहर के छोटे पैडलर्स और युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचा जाता था।
34 ग्राम हेरोइन और नशीला जखीरा बरामद : तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 34 ग्राम शुद्ध हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है। इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त अन्य सामग्रियां भी जब्त की हैं।
3 दिन, 7 केस: नशे के खिलाफ पुलिस का ‘महायुद्ध’बिलासपुर पुलिस जिले में नशे को जड़ से मिटाने के लिए ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है। पिछले 72 घंटों की कार्रवाई का ब्यौरा चौंकाने वाला है:
NDPS एक्ट के 7 प्रकरण: जिले के विभिन्न थानों में दर्ज किए गए। हेरोइन के अलावा बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली टैबलेट्स, एविल इंजेक्शन और गांजा जब्त किया गया है। “बिलासपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश है—नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हमारी टीमें न केवल स्थानीय सप्लायर्स पर बल्कि दूसरे राज्यों से जुड़े उनके संपर्कों पर भी पैनी नजर रख रही हैं। यह कार्रवाई भविष्य में और तेज होगी।”रजनेश सिंह (एस एस पी, बिलासपुर)




