HSM ग्लोबल स्कूल में न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज का मेगा ओरल हेल्थ कैंप, 122 विद्यार्थियों और अभिभावकों की हुई जांच

बिलासपुर – भरनी स्थित HSM ग्लोबल स्कूल में न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट की ओर से निःशुल्क ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की दंत जांच की। इस दौरान लोगों को दांतों की देखभाल, सही ब्रशिंग तकनीक और संतुलित आहार के बारे में भी जानकारी दी गई।
यह स्वास्थ्य शिविर न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज के चेयरमैन प्रकाश दावड़ा, सेक्रेटरी अशोक अग्रवाल और डीन डॉ. राणा के. वर्गीस के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर में पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग की विशेषज्ञ टीम ने कुल 122 विद्यार्थियों, स्कूल स्टाफ और अभिभावकों के दांतों की जांच की। जांच के दौरान कई लोगों में दांतों से जुड़ी समस्याएं सामने आईं, जिनके लिए आगे उपचार की सलाह दी गई।
शिविर के दौरान विशेषज्ञों ने बच्चों और अभिभावकों को ओरल हेल्थ से जुड़ी सामान्य समस्याओं, दांतों की नियमित सफाई, सही ब्रशिंग तकनीक, संतुलित आहार और बेहतर मौखिक स्वच्छता बनाए रखने के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। डॉक्टरों ने बताया कि नियमित दंत जांच और सही देखभाल से अधिकांश दंत रोगों से बचा जा सकता है।
इस कैंप में डॉ. विनी, डॉ. प्रीना, डॉ. नौशीन, डॉ. जानवी, डॉ. सहज और डॉ. साक्षी ने मरीजों की जांच की। स्क्रीनिंग के दौरान कई मरीजों में दांतों की बनावट संबंधी समस्याएं (ऑर्थोडॉन्टिक) और रूट कैनाल (एंडोडॉन्टिक) उपचार की आवश्यकता पाई गई। स्कूल के प्राचार्य और स्टाफ ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग किया।
न्यू होराइजन डेंटल कॉलेज की टीम ने बताया कि इससे पहले भी बिलासपुर के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। संस्थान का उद्देश्य लोगों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समय रहते उपचार के लिए प्रेरित करना है।



