सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर रील बनाना पड़ा भारी, पहुँचे सलाखों के पीछे…..

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – सोशल मीडिया पर रील बनाकर हथियार लहराना, धमकी देना और लोगों में डर का माहौल बनाना यह पांच युवकों को भारी पड़ गया। बिलासपुर पुलिस ने लुट्टू पांडेय, शिवम मिश्रा, लक्की यादव, शैलेश चौबे और शंभू यादव नाम के इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से रिवॉल्वर, एयर गन, चाकू, बेसबॉल स्टिक और लुट्टू पांडेय की बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की गई है। ये आरोपी लगातार सोशल मीडिया पर रील डालते थे, जिनमें खुलेआम हथियार लहराते और लोगों को धमकाते दिखते थे।
ऐसे वीडियो के ज़रिए ये खुद को “डॉन” या “गैंगस्टर” के रूप में पेश करने की कोशिश करते थे, जिससे आम लोगों में डर और असुरक्षा की भावना फैल रही थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इनका मकसद था अपने अपराधी चरित्र को सोशल मीडिया पर ग्लैमराइज करना और अपने आस-पास के इलाकों में भय का माहौल बनाना। इनकी हरकतों पर पुलिस की पैनी नज़र थी।
आरोपियों ने गिरफ्तारी से बचने के लिए उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर, बनारस और इलाहाबाद जैसे शहरों में ठिकाने बदलते रहे। लेकिन बिलासपुर पुलिस की स्पेशल टीम ने तकनीकी इनपुट और लोकल नेटवर्क के जरिए लगातार निगरानी रखी। काफी पीछा करने के बाद पुलिस ने रतनपुर क्षेत्र के पास घेराबंदी की और चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सभी के पास से हथियार बरामद किए गए हैं।
बिलासपुर पुलिस ने बताया कि ये आरोपी पहले से ही कई आपराधिक मामलों में लिप्त हैं। इन पर हमला करने, घर में घुसकर मारपीट करने, चाकू से वार करने
और नशे के कारोबार में शामिल रहने जैसे गंभीर आरोप हैं। इनके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई अपराध दर्ज हैं। अब पुलिस ने संगठित अपराध की धारा जोड़ते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही इन बदमाशों की अवैध संपत्तियों की पहचान कर ज़ब्ती की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। पुलिस अन्य साथियों की तलाश में जुटी हुई है जो इनके गिरोह से जुड़े हैं।
बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने साफ कहा है जो लोग सोशल मीडिया पर गुंडागर्दी दिखाकर प्रसिद्धि पाने का सपना देख रहे हैं, वे संभल जाएँ। ऐसी हरकतें अब सीधे जेल के रास्ते पर ले जाएँगी। उन्होंने कहा “गुंडागर्दी छोड़िए, मेहनत कीजिए, अपने परिवार और समाज के लिए काम आइए, वरना डॉन बनने का शौक़ ज़िंदगी बर्बाद कर देगा।”




