बिलासपुर

दीक्षांत समारोह में बेलतरा विधायक की उपेक्षा! बैठक व्यवस्था व स्मारिका में नाम न होने पर नाराज़गी

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के छठवें दीक्षांत समारोह में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की उपेक्षा और नाराज़गी पूरे कार्यक्रम में चर्चा का विषय बनी रही। विश्वविद्यालय बेलतरा क्षेत्र में स्थित है, लेकिन समारोह के दौरान न तो उनकी बैठने की उचित व्यवस्था की गई और न ही कुलपति ने स्वागत भाषण में उनका नाम शामिल किया।

Advertisement

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, राज्यपाल स्पेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, उच्च शिक्षा मंत्री टेकराम वर्मा, कुलपति आचार्य अरुण दिवाकरनाथ बाजपेयी और रजिस्ट्रार ताचिंश गौतम उपस्थित थे।

Advertisement

विधायकों के लिए मंच के सामने नीचे बैठने की व्यवस्था थी, जहाँ, धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह और अटल श्रीवास्तव बैठे थे। लेकिन जब विधायक सुशांत शुक्ला कार्यक्रम स्थल पहुँचे, तो उनकी निर्धारित सीट पर अन्य संगठन प्रमुखों को बैठा दिया गया। ऐसे में विधायक सुशांत को पीछे कार्यकर्ताओं के साथ बैठना पड़ा।

स्वागत भाषण में कुलपति बाजपेयी ने सभी विधायकों का नाम लिया, लेकिन सुशांत शुक्ला का नाम भूल गए। बाद में उन्हें याद आने पर यह कहते हुए नाम जोड़ा कि यह यूनिवर्सिटी उन्हीं के क्षेत्र में आती है।

इसके अलावा, समारोह की स्मारिका में भी विधायक सुशांत शुक्ला का संदेश प्रकाशित नहीं किया गया, जिससे वह और नाराज़ दिखे। यह भी चर्चा रही कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ने उन साहित्यकारों और प्रबुद्धजनों के नाम तक मंच से नहीं लिए, जिनके नाम पर गोल्ड मेडल दिए जाते हैं।

विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि जिस क्षेत्र में यूनिवर्सिटी स्थित है, वहाँ के जनप्रतिनिधि को सम्मान मिलना चाहिए। बैठक व्यवस्था यूनिवर्सिटी प्रशासन को करनी थी। जब निर्धारित सीट पर जगह नहीं मिली, तो मैं कार्यकर्ताओं के साथ ही बैठ गया।

पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय ने इसे स्थानीय जनप्रतिनिधि का अपमान बताया। उन्होंने कहा यह समझ से परे है कि क्षेत्र के विधायक की उपेक्षा की गई। यदि प्रतिनिधियों का सम्मान नहीं किया जाएगा, तो जनहित के कार्य कैसे होंगे?

Related Articles

Back to top button