BCCI जॉइंट सेक्रेटरी प्रभतेज सिंह भाटिया का रायपुर आगमन, छत्तीसगढ़ में क्रिकेट इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत करने का आश्वासन

रायपुर – बीसीसीआई के संयुक्त सचिव बने प्रभतेज सिंह भाटिया आज रायपुर पहुंचे। इस दौरान आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने छत्तीसगढ़ में क्रिकेट के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। श्री भाटिया ने कहा कि बीसीसीआई देश में क्रिकेट को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों के उत्थान हेतु लगातार प्रयासरत है और आगे भी भारत को क्रिकेट के क्षेत्र में अग्रणी बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि इस कार्यकारिणी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ क्रिकेट नई ऊंचाइयों को छुएगा। साथ ही उन्होंने राज्य में अधिक से अधिक जूनियर और सीनियर लेवल के बोर्ड मैच कराने का आश्वासन दिया।
प्रभतेज सिंह भाटिया ने कहा कि : “हमारा प्रयास रहेगा कि छत्तीसगढ़ में क्रिकेट का मजबूत ढांचा तैयार किया जाए। इसके लिए और अधिक मैदान बनाए जाएंगे तथा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।”
श्री भाटिया ने छत्तीसगढ़ सरकार को क्रिकेट अकादमी के लिए जमीन उपलब्ध कराने हेतु धन्यवाद भी दिया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकार का सहयोग मिलता रहेगा। उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम को एशिया कप चैंपियन बनने पर बधाई दी और खिलाड़ियों की देशभक्ति व मेहनत की सराहना की।




