स्थगन प्रस्ताव खारिज होते ही विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस विधायकों का गर्भगृह में विरोध

छत्तीसगढ़ विधानसभा में उस वक्त जोरदार हंगामा देखने को मिला, जब विपक्ष द्वारा लाया गया स्थगन प्रस्ताव अध्यक्ष ने अग्राह्य कर दिया। इसके बाद कांग्रेस के सभी विधायक विरोध जताते हुए सदन के गर्भगृह में पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी।
गर्भगृह में पहुंचकर प्रदर्शन करने के चलते कांग्रेस के सभी विधायक स्वमेव निलंबित हो गए। यह स्थगन प्रस्ताव केंद्रीय एजेंसियों की कार्रवाई को लेकर लाया गया था, जिस पर चर्चा की मांग विपक्ष कर रहा था।
मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में एजेंसियां षड्यंत्र के तहत कार्रवाई कर रही हैं और विपक्ष को बदनाम करने की कोशिश हो रही है। भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष चर्चा से डर रहा है और सच से भाग रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी विपक्षी विधायकों को निलंबित किया गया है, लेकिन कांग्रेस महापुरुषों के रास्ते पर चलते हुए सत्य की लड़ाई जारी रखेगी। भूपेश बघेल ने कहा कि सत्य की बात कहने से भाजपा परेशान हो चुकी है, लेकिन सत्य कभी पराजित नहीं हो सकती।
फिलहाल विधानसभा में राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है और विपक्ष सरकार के फैसले के खिलाफ लगातार विरोध जता रहा है।




