जमीन विवाद में बुजुर्ग की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले के नेवासपुर गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। खेत में धान फसल काटने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडा और लोहे की रॉड से की गई मारपीट में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।
घटना सिटी कोतवाली मुंगेली थाना क्षेत्र के ग्राम नेवासपुर की है। 11 दिसंबर की दोपहर खेत में धान की फसल काटने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि झम्मन सप्रे और उसके परिवार के लोगों ने एक राय होकर सोनकर परिवार पर लाठी, डंडा और लोहे के रॉड से हमला कर दिया।
हमले में जनक सोनकर को सीना, पेट और सिर में गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल मुंगेली में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा तथा एसडीओपी मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने जमीन विवाद को लेकर हत्या करना स्वीकार किया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर टंगिया, लाठी और लोहे का रॉड जब्त किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है।




