पति की प्रताड़ना से पत्नी बनी कातिल, रची थी लूट की झूठी कहानी

(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले के पथरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगद्वारी में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी को मुंगेली पुलिस ने महज 24 घंटे में सुलझा लिया है। इस सनसनीखेज मामले में मृतक की पत्नी ही अपने पति की हत्या की आरोपी निकली है। पति से लगातार प्रताड़ना और पारिवारिक विवाद से परेशान होकर महिला ने सोते समय कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी और घटना को चोरी का रूप देने की कोशिश की।
ग्राम गंगद्वारी में 24 जनवरी की रात एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या की सूचना पुलिस को मिली थी।मृतक की पत्नी रूजेश्वरी राजपूत ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया।फॉरेंसिक जांच, घटनास्थल निरीक्षण और पड़ोसियों से पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग सामने आए।
जांच में पता चला कि मृतक आजूराम राजपूत और उसकी पत्नी के बीच लगातार विवाद होता रहता था।
संदेह के आधार पर पत्नी से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।आरोपिया ने बताया कि पति से परेशान होकर उसने देर रात सोते समय घर में रखी लोहे की कुल्हाड़ी से सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार कर हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से खून लगी साड़ी और हत्या में प्रयुक्त लोहे की कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक अंधे कत्ल का सफल खुलासा हुआ है, जिसे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।




