छत्तीसगढ़ में सक्रिय मानसून : अगले 24 घंटों में कई इलाकों में बारिश, कुछ जगहों पर भारी वर्षा और वज्रपात का अलर्ट

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय है और अगले चौबीस घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी भी मौसम विभाग ने जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका इस समय माध्य समुद्र तल पर श्रीगंगानगर, बरेली, बाराबंकी, डेहरी, पुरुलिया और दीघा से होते हुए दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है।
इसके अलावा, एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण दक्षिण उड़ीसा और उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश के ऊपर सक्रिय है, जो 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।
वहीं, एक अन्य द्रोणिका उप-हिमालयीन पश्चिम बंगाल और सिक्किम से झारखंड होते हुए दक्षिण उड़ीसा तक फैली है, जो 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के सभी संभागों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में भारी वर्षा भी हुई। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।
यानी साफ है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का मिज़ाज बदला रहेगा और लोगों को बारिश से राहत के साथ-साथ वज्रपात से सतर्क रहने की भी ज़रूरत है।




