सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता : 10 नक्सली ढेर, 1 करोड़ का इनामी नक्सली भी मारा गया, अमित शाह ने कहा….!

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने 10 कुख्यात नक्सलियों को ढेर कर दिया है। इसमें संगठन का बड़ा चेहरा और 1 करोड़ का इनामी नक्सली, सीसी सदस्य मनोज उर्फ मॉडेम बालकृष्णा भी शामिल है। इस ऑपरेशन में उड़ीसा स्टेट कमेटी सदस्य और SZCM प्रमोद उर्फ पाण्डु के भी मारे जाने की जानकारी सामने आई है।
यह मुठभेड़ मैनपुर थाना क्षेत्र के भालुडिग्गी पहाड़ों में हुई, जहां बीते 14 घंटे से लगातार गोलीबारी जारी थी। एसटीएफ, कोबरा कमांडो, डीआरजी और राज्य पुलिस की संयुक्त टीम इस अभियान में शामिल रही।
रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा और गरियाबंद एसपी निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है। आईजी ने बताया कि इलाके में अब भी रुक-रुककर गोलीबारी हो रही है और सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है।
इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स (Twitter) पर पोस्ट कर इस अभियान को बड़ी सफलता बताया। उन्होंने कहा कि 31 मार्च से पहले देश से लाल आतंक का समूल नाश सुनिश्चित किया जाएगा। सुरक्षाबलों की इस उपलब्धि को नक्सल विरोधी अभियान की अब तक की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।




