रोपा लगाने जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर पलटा, दो महिलाओं की मौत, कई घायल

(धीरेंद्र मेहता) : बिलासपुर जिले के हिर्री थाना क्षेत्र के मेडपार बाजार में मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धान की रोपाई के लिए खेत जा रहे मजदूरों से भरा ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई महिला-पुरुष घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, ट्रैक्टर में करीब 15 से 20 मजदूर सवार होकर खेत में रोपा लगाने जा रहे थे। आरोप है कि चालक चंद्रशेखर पटेल लापरवाहीपूर्वक ट्रैक्टर चला रहा था। खेत तक पहुंचने से पहले ही वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार मजदूर ट्रैक्टर के नीचे दब गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में मेडपार बाजार निवासी मथुरा निषाद और बमलेश्वरी निषाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है। हिर्री थाना पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर मर्ग कायम कर लिया है। वहीं ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।




