छत्तीसगढ़ में मौसम विभाग का अलर्ट: इन इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी.

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : बिलासपुर – 25 सितंबर को छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों और संभागों में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार,उत्तरी ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र का असर जारी है। इसके प्रभाव से, प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 25 सितंबर के लिए प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी मुख्य रूप से दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ के लिए है। भारी से बहुत भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट बस्तर, बिलासपुर, और रायपुर संभाग के कुछ जिलों के लिए जारी किया गया है।
इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर 12 से 20 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है। इन संभागों में आने वाले प्रमुख जिले हैं बस्तर संभाग: दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर। बिलासपुर संभाग: रायगढ़, जांजगीर-चांपा।रायपुर संभाग: महासमुंद, बलौदाबाजार।
इसके अलावा, भारी वर्षा का येलो अलर्ट प्रदेश के कुछ अन्य जिलों के लिए भी है, जहाँ 6 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश होने की संभावना है।ये जिले हैं रायपुर संभाग: रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, बालोद, दुर्ग, बेमेतरा। बिलासपुर संभाग: बिलासपुर, कोरबा, मुंगेली। बस्तर संभाग: कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर।
इन सभी क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों को सलाह दी जाती है कि वे खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। वहीं, प्रदेश के बाकी हिस्सों यानी सरगुजा संभाग में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।




