
(मनीष नामदेव) : मुंगेली जिले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 4 अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में सायबर सेल और सरगांव थाना की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर चंद्रखुरी रेस्ट हाउस के पास एक संदिग्ध डिजायर कार को रोका।
कार की तलाशी लेने पर उसमें सवार चार लोगों के पास से 45 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम हैं –
- विरेंद्र कुमार यादव
- मोनू कुशवाह
- महेंद्र क्षत्री
- श्रीराम कुर्रे
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 45 किलोग्राम गांजा जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपए है, एक डिजायर कार जिसकी कीमत 6 लाख 50 हजार रुपए है, और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग 11 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।




