छत्तीसगढ़ में 6 IAS अफसरों को मिला प्रमोशन….

(भूपेंद्र सिंह राठौर) : छत्तीसगढ़ में लंबे इंतज़ार के बाद आईएएस अधिकारियों के प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। जारी आदेश के अनुसार राज्य के 6 आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति दी गई है।
2001 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शहला निगार को प्रमुख सचिव पद पर पदोन्नत किया गया है। पदोन्नति के साथ ही उन्हें कृषि उत्पादन आयुक्त के पद पर पदस्थ किया गया है। इसके साथ ही शहला निगार को प्रमुख सचिव, कृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग का दायित्व सौंपा गया है। साथ ही जैव प्रौद्योगिकी, उद्यानिकी, मछलीपालन, पशुधन विकास विभाग और गन्ना आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी उन्हें दिया गया है।
वहीं 2017 बैच के पांच आईएएस अधिकारियों को संयुक्त सचिव पद पर पदोन्नति मिली है। पदोन्नत होने वाले अधिकारियों में आकाश छिकारा, रोहित व्यास, मयंक चतुर्वेदी, कुणाल दुदावत और चंद्रकांत वर्मा शामिल हैं।
इन पदोन्नतियों को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे शासन-प्रशासन के कामकाज में और अधिक गति आएगी और विभागीय समन्वय को मजबूती मिलेगी।




