रेलवे स्टेशन पर मासूम से बेरहमी, पुलिस ने बचाई डेढ़ माह के बच्चे की जान

रायगढ़ रेलवे स्टेशन के बाहर एक डेढ़ माह के मासूम बच्चे के साथ हो रही बेरहमी का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक महिला बच्चे को लगातार पीट रही थी, जिसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन महिला किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। इसके बाद लोगों ने तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बच्चे को महिला के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकालकर अपने संरक्षण में लिया और तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस पूछताछ में महिला ने बच्चे को खरसिया से ट्रेन में लेकर आने की बात कही, लेकिन उसके व्यवहार और जवाबों से पुलिस को उसकी मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लगी। घायल बच्चे को केजीएच अस्पताल के मातृ शिशु वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां महिला आरक्षक अनिता बेक ने उसकी देखभाल की। वहीं महिला को सखी सेंटर भेजा गया। बाद में महिला के पति को बुलाकर पूछताछ की गई, जिसने बच्चे को अपना पुत्र बताते हुए पत्नी की मानसिक स्थिति समय-समय पर बिगड़ने की जानकारी दी।
बच्चे के उपचार के बाद कोतवाली पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां माता-पिता और परिजनों की काउंसलिंग कर बच्चे को फिलहाल पिता के सुपुर्द किया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए बाल कल्याण समिति और रायगढ़ पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने लोगों से अपील की है कि बच्चों के साथ हिंसा या दुर्व्यवहार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।




