बीजापुर में नक्सलियों का हथियार डंप बरामद….

बीजापुर जिले से नक्सल विरोधी अभियान को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। उसूर थाना क्षेत्र के कर्रेगुट्टा हिल्स स्थित डोलीगुट्टा चोटी इलाके में सुरक्षा बलों ने सघन सर्च अभियान के दौरान नक्सलियों का बड़ा हथियार और विस्फोटक डंप बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, बीजापुर जिले के थाना उसूर अंतर्गत एफओबी ताड़पाला घाटी क्षेत्र के जंगलों में जिला बल, कोबरा 204 और केरिपु 196 की संयुक्त टीम द्वारा सर्चिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा जमीन खोदकर छिपाकर रखे गए हथियार मरम्मत के उपकरण, बीजीएल सेल निर्माण की सामग्री और भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए दो प्रेशर आईईडी को कोबरा-204 की बीडीडी टीम ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया, जिससे एक बड़ी घटना टल गई।
बरामद सामग्री में हैंड फ्लाई प्रेस, बड़ी संख्या में बीजीएल सेल (बड़े, मध्यम और छोटे आकार), बीजीएल टेल, स्टील प्लेट, स्क्रूड्राइवर, हैक्सा ब्लेड, प्लायर सहित हथियारों की मरम्मत में इस्तेमाल होने वाले कई अन्य उपकरण शामिल हैं।
सुरक्षा बलों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हुई है। क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है।




